Araria: जिला पदाधिकारी श्रीमती इनायत खान द्वारा लगातार सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को त्वरित एवं प्रभावी ढंग से लागू करने तथा प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही जिलाधिकारी के दिशा निर्देश में सभी जिला स्तरीय एवं वरीय पदाधिकारियों द्वारा भी विभिन्न पंचायतों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज जिलाधिकारी द्वारा अररिया प्रखंड अंतर्गत पोखरिया एवं तारोना भोजपुर पंचायत का निरीक्षण किया गया है। सर्वप्रथम पोखरिया पंचायत अंतर्गत उ०म०वि० फारासूत एवं प्रा०वि० मझुआ टोला का निरीक्षण किया गया। जहां बच्चों की उपस्थिति कम पाया तथा दोनों विद्यालय में लकड़ी पर खाना बनाते पाया गया।

संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को अविलम्ब गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही साथ बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिए। विद्यालय में छात्रों से रूबरू होकर पठन-पाठन की गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त किए।निरीक्षण के क्रम में पोखरिया से मझुआ टोला का संपर्क पथ क्षतिग्रस्त पाया गया। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी को संपर्क पथ का मरम्मती शीघ्र कराने का निर्देश दिया गया। मझुआ टोला में पीएचईडी द्वारा पानी टंकी निर्मित पाया गया, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं होने की बात कही गई। संबंधित पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता को जलापूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वही तारोना भोजपुर पंचायत के हाट में मछली शेड का अवलोकन किया गया, जिसे जिला पदाधिकारी द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।