जनता दल (यू) के प्रमुख नीतीश कुमार ने कहा है कि “मैं मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता था, पर बीजेपी नेताओं के आग्रह पर मैं एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा.”
रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की बैठक में विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने बिहार के राज्यपाल से मुलाक़ात की.

नीतीश कुमार ने बताया कि “एनडीए की बैठक में मुझे फिर से एक बार नेता चुना गया है, महामहिम राज्यपाल को हमने पत्र दे दिया है, उन्होंने पत्र स्वीकार करते हुए मुझे मुख्यमंत्री के रूप में मनोनीत किया है. कल कौन-कौन शपथ लेगा, इसका निर्णय अभी किया जायेगा.”
राज्यपाल के साथ हुई बैठक के बाद उन्होंने प्रेस से बात की. उन्होंने बताया कि ‘सोमवार को शपथ-ग्रहण समारोह आयोजित किया जायेगा.’
नीतीश कुमार सोमवार को सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
