उप मुखिया, वार्ड सदस्य संघ अररिया द्वारा एक दिवसीय एकजुटता सम्मेलन सह अधिकार रैली का आयोजन मंगलवार 8 नवंबर को अररिया सुभाष स्टेडियम में किया गया।

एकजुटता सम्मेलन सह अधिकार रैली का आयोजन कर वार्ड सदस्यों ने योजनाओं में आ रही दिक्कतों को सांसद के सामने रखा और 9 सूत्री मांग को जिला प्रशासन के द्वारा मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की बात कही।

9 सूत्री मांग में से सात निश्चय योजना में वार्ड क्रियान्वयन प्रबंधन समिति के माध्यम से ऑफलाइन चेक काटने का अधिकार, मनरेगा योजना का चयन एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अधिकार, प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभुकों के चयन एवं प्रशासनिक स्वीकृति का संपूर्ण अधिकार, प्रखंड मुख्यालय में वार्ड सदस्यों के लिए प्रतीक्षालय भवन की व्यवस्था करवाने, मानदेय को बढ़ाकर 5000 प्रति माह नियमित रूप से भुगतान करने जैसी कई मांगे हैं।

इस सम्मेलन में अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने उपस्थित होकर वार्ड सदस्यों के हक के लिए उनकी लड़ाई में उनका साथ देने का आश्वासन दिया।
सभा के समापन के बाद वार्ड सदस्यों ने सुभाष स्टेडियम से समाहरणालय तक मार्च किया और 9 सूत्री मांग को जिला प्रशासन को सौंपा।

